कठेला समय माता थाने के दरोगा मान सिंह का हार्ट अटैक से निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर जिले के कठेला समय माता थाने में तैनात उपनिरीक्षक मान सिंह का शुक्रवार को इलाज के दौरान असामयिक निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान अचानक सीने में तेज दर्द और तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके निधन से पूरे पुलिस विभाग और उनके परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत

मूल रूप से बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के शाहपुर भरौली गांव के रहने वाले 57 वर्षीय उपनिरीक्षक मान सिंह ने 28 फरवरी 1988 को पुलिस विभाग में आरक्षी (कांस्टेबल) के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। लंबी और निष्ठावान सेवा के बाद वह पदोन्नत होकर उपनिरीक्षक बने थे।

वर्ष 2025 में उनका तबादला गोरखपुर से सिद्धार्थनगर हुआ था। वह 28 नवंबर 2025 से कठेला समय माता थाने में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने पेट में गैस और सीने में तेज दर्द की शिकायत करते हुए थाना प्रभारी से अवकाश लिया। उनकी हालत को देखते हुए थाने के अन्य उपनिरीक्षक श्यामदेव प्रसाद के साथ उन्हें तुरंत अस्पताल रवाना किया गया।

जेजे सुपर स्पेशयलिटी हॉस्पिटल में हुई मौत

दरोगा मान सिंह को इलाज के लिए जेजे सुपर स्पेशयलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं। प्रारंभिक जांच और डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मौत की मुख्य वजह हार्ट अटैक (दिल का दौरा) बताई जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस अचानक हुई घटना से मान सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस महकमे के अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।