मुंबई में मौत बनकर आई लिफ्ट: डुमरियागंज के युवक की दर्दनाक मौत, हफ्ते भर पहले ही रोजी-रोटी की तलाश में गया था परदेश

नियमतुल्लाह खान 
सिद्धार्थनगर (डुमरियागंज): डुमरियागंज थाना क्षेत्र के सेखुई गोवर्धन गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रोजी-रोटी की तलाश में महज एक सप्ताह पहले मुंबई गए 30 वर्षीय युवक अब्दुल गनी की एक निर्माणधीन इमारत में लिफ्ट गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पांचवीं मंजिल से नीचे गिरी लिफ्ट

जानकारी के अनुसार, सेखुई गोवर्धन निवासी अब्दुल गनी पुत्र अब्दुल्ला मुंबई में पीओपी (POP) का काम करता था। रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वह निर्माणाधीन मकान की छठी मंजिल से लिफ्ट के सहारे नीचे खाने-पीने का सामान लेने आया था। सामान लेकर वह वापस ऊपर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुआ, लेकिन जैसे ही लिफ्ट पांचवीं मंजिल पर पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित होकर सीधे नीचे आ गिरी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

लिफ्ट के जमीन पर गिरते ही अब्दुल गनी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और लोगों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन करीब एक घंटे चले उपचार के बाद रात साढ़े दस बजे अब्दुल गनी ने दम तोड़ दिया।

गांव में पसरा सन्नाटा, परिजनों का बुरा हाल

अब्दुल गनी की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। घर के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से हर आंख नम है।

अंतिम संस्कार के लिए लाया जा रहा शव

बताया जा रहा है कि सोमवार को मुंबई में शव का पोस्टमार्टम (PM) करा लिया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद एंबुलेंस के जरिए शव को पैतृक गांव सेखुई गोवर्धन लाया जा रहा है, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

https://dainik.bhaskar.com/5U8t0lm5iZb