सिद्धार्थनगर: एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 15 बोटा अवैध लकड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: जिले में अवैध रूप से लकड़ी की कटान और तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बड़ी कार्रवाई की है। 43वीं वाहिनी एसएसबी को मिली खुफिया सूचना के आधार पर विशेष गश्ती दल ने चेकिंग के दौरान लकड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा और उसमें सवार पांच व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।

खुफिया सूचना पर विशेष गश्ती दल की कार्रवाई

एसएसबी सूत्रों के अनुसार, 43वीं वाहिनी के विशेष गश्ती दल को अवैध लकड़ी के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 556 से लगभग 650 मीटर भारतीय सीमा के अंदर खुनवा चौराहे से परसोना रोड पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान वहां से गुजर रही लकड़ियों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई।

वैध दस्तावेज नहीं कर सके पेश

वाहन को रोकने के बाद जवानों ने सवार लोगों से लकड़ी से संबंधित वैध कागजात और वन विभाग की अनुमति के बारे में पूछताछ की। पकड़े गए लोग वाहन से संबंधित या लकड़ी के स्वामित्व से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज और परमिट पेश नहीं कर सके।

शीशम और जामुन के 15 बोटे बरामद

सख्ती से तलाशी लेने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से बेशकीमती लकड़ियां बरामद हुईं। इनमें: शीशम के 8 बोटे ,जामुन के 7 बोटे ,कुल 15 बोटा लकड़ी बरामद की गई।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे इस अवैध लकड़ी को पकड़ीहवा से लाकर बाणगंगा स्थित एक फर्नीचर की दुकान पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पूछताछ में उन्होंने अपना पता संतरी संतोरा और अटारी बाजार (थाना शोहरतगढ़, जिला सिद्धार्थनगर) बताया है।

वन विभाग को सौंपा गया मामला

एसएसबी के विशेष गश्ती दल ने जब्ती की कार्रवाई पूरी करते हुए बरामद लकड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए वन विभाग कार्यालय नौगढ़ को सुपुर्द कर दिया है। वन विभाग की टीम अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।