📅 Published on: December 30, 2025
नियमतुल्लाह खान
शिवनगर/सिद्धार्थनगर: बांसी-बस्ती राजमार्ग पर डिड़ई थाने के पास रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक 35 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के घुमची गांव निवासी लक्ष्मी देवी (35) पत्नी रामजतन अपनी बहन के घर गई हुई थी। रविवार रात वापस लौटते समय, जैसे ही वह डिड़ई थाने के पास बांसी-बस्ती हाईवे पैदल पार करने लगी, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लक्ष्मी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते गरीब परिवार को बिखेर कर रख दिया है। लक्ष्मी देवी अपने पीछे चार नाबालिग बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें सबसे छोटा बच्चा महज दो वर्ष का है, जिसे शायद अभी यह भी नहीं पता कि उसकी मां अब कभी लौटकर नहीं आएगी। मां की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पिता के सामने भविष्य की चुनौती
पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। मृतका के पति रामजतन के कंधों पर अब चार मासूम बच्चों के पालन-पोषण का भारी बोझ आ पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित गरीब परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
क्या कहती है पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा।