भावुक हुए सांसद पाल, कहा- “लंबी उम्र की चाह नहीं, बस आपके लिए कुछ बड़ा कर जाऊं”
5 हजार गरीबों को मिले कंबल; आधा किलोमीटर की पदयात्रा में पुष्प वर्षा से सराबोर हुए मंत्री शर्मा
निज़ाम अंसारी
सिद्धार्थनगर ( तुलसियापुर ): जनपद के तुलसियापुर में आज सेवा, सम्मान और समर्पण का एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मौका था लोकप्रिय सांसद जगदम्बिका पाल के जन्मदिन का, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम का भव्य आयोजन युवा नेता अनिल अग्रहरि द्वारा किया गया, जिसकी चर्चा आज पूरे क्षेत्र में है।
राजकीय सम्मान और भव्य पदयात्रा
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री ए.के. शर्मा को दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ। इसके बाद, मुख्य अतिथि मंत्री शर्मा और सांसद पाल ने लगभग आधा किलोमीटर लंबी पदयात्रा की। इस दौरान सड़क के दोनों ओर हजारों की भीड़ ने उन पर फूलों की भारी वर्षा की और जोरदार नारेबाजी से आसमान गुंजायमान कर दिया।
व्यापरी नेता सिद्धार्थ अग्रवाल जन्मदिन पर सांसद के साथ केक काटते हुवे
मंच पर उमड़ा ‘नेताओं का रेला’ और सेवा संकल्प
मंच पर कई जिलों के दिग्गज नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की भव्यता में चार चाँद लगा दिए। सांसद पाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 5,000 गरीब और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कड़कड़ाती ठंड में कंबल पाकर गरीबों के चेहरे खिल उठे।
सांसद पाल का वो बयान, जिसने सबको रुला दिया
मंच से जनता को संबोधित करते हुए सांसद जगदम्बिका पाल बेहद भावुक हो गए और उनकी आँखें भर आईं। उन्होंने रुंधे हुए गले से कहा मैं ईश्वर से अपने लिए लंबी उम्र की दुआ नहीं मांगता। बस इतनी तमन्ना है कि जिंदगी के जितने भी दिन बचे हैं, उसमें आप लोगों के लिए कुछ इतना बड़ा और ऐतिहासिक कर जाऊं कि मेरा जीवन धन्य हो जाए। आपकी सेवा ही मेरा परम धर्म है।
मुख्य अतिथि ए.के. शर्मा ने बांधे तारीफों के पुल
मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने संबोधन में सांसद पाल के व्यक्तित्व और आयोजन की सराहना करते हुए कहा आज का यह जनसैलाब और पाल जी के प्रति लोगों का प्रेम इस बात का गवाह है कि उन्होंने राजनीति नहीं, बल्कि लोगों के दिलों पर राज किया है। ऐसे जनसेवक कम ही होते हैं जो अपना जन्मदिन गरीबों की सेवा में समर्पित कर दें।
आयोजक अनिल अग्रहरि की थपथपाई पीठ
कार्यक्रम की सफलता और अभूतपूर्व प्रबंधन के लिए मंत्री शर्मा और सांसद पाल दोनों ने युवा नेता अनिल अग्रहरि की जमकर प्रशंसा की।
लोगों को सम्बोधित करते हुवे युवा नेता अनिल अग्रहरि ने कहा मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि मंत्री जी ने मुख्य अतिथि के रूप में अपना कीमती समय दिया और हमारे अभिभावक सांसद जी का जन्मदिन सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ। हमारा लक्ष्य क्षेत्र के हर गरीब की मदद करना है।