📅 Published on: January 18, 2026
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर, 18 जनवरी 2026। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना-2.0 के तहत आज उत्तर प्रदेश के विकास कार्यों में एक नया अध्याय जुड़ गया। प्रदेश के 2 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन से सीधे 2000 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की।
सिद्धार्थनगर के लोहिया कलाभवन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में इस योजना का सजीव प्रसारण देखा गया, जिसमें जिले के 2545 लाभार्थियों के खातों में योजना की पहली किस्त भेजी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था लागू हुई है। आज लाभार्थियों को बिना किसी बिचौलिये के सीधे उनके खातों में पैसा मिल रहा है। सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है।
समय पर जारी हो दूसरी किस्त: एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी
विधान परिषद सदस्य श्री ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने आवास पाने वाले लाभार्थियों को बधाई देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूसरी किस्त के लिए लाभार्थियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए। उन्होंने समयबद्ध तरीके से अगली किस्त निर्गत करने पर जोर दिया।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जाति-धर्म से ऊपर उठकर हर पात्र व्यक्ति को मिल रहा है।
जिले में अब तक 21,651 आवास बनकर तैयार
डी एम शिवशरणप्पा जीएन ने डेटा साझा करते हुए बताया कि जनपद में अब तक कुल 22,220 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 21,651 आवास पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हर गरीब के पास अपना पक्का मकान होना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद डुमरियागंज के प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, नपा अध्यक्ष सिद्धार्थनगर गोविंद माधव, इटवा अध्यक्ष विकास जायसवाल, बिस्कोहर अध्यक्ष अजय गुप्ता, और परियोजना अधिकारी डूडा नीरज अग्रवाल सहित कई अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।