सिद्धार्थनगर: डेंगहर में खूनी संघर्ष, दबंगों ने घर में घुसकर परिवार को बेरहमी से पीटा; AIMIM ने की सुरक्षा की मांग

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनपद के थाना त्रिलोकपुर अंतर्गत बिस्कोहर चौकी के ग्राम डेंगहर में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मामूली विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें महिलाओं और बुजुर्गों समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

घटना का विवरण: घर में घुसकर की लूटपाट और मारपीट
पीड़ित परिवार के मुखिया कलाम राईनी के अनुसार, विवाद की शुरुआत खेल के मैदान (मैच) से हुई, जिसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर तांडव मचाया। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल बच्चों और महिलाओं को बेरहमी से पीटा, बल्कि घर में लूटपाट भी की। हमले में पूरा परिवार लहूलुहान हो गया। फिलहाल चार लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की सूची: असलम (18 वर्ष),अफसाना (35 वर्ष) ,सलाम (38 वर्ष),अशरफ (18 वर्ष) ,रजिया (70 वर्ष) ,अब्दुल कलाम (45 वर्ष)
AIMIM कार्यकर्ताओं ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
घटना की सूचना मिलते ही ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के जिला अध्यक्ष निशात अली अपनी टीम के साथ डेंगहर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर उनका हाल जाना और न्याय का भरोसा दिलाया। निशात अली ने बताया कि गाँव में दहशत का ऐसा माहौल है कि कई परिवार घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित परिवार ने बताया कि थाना त्रिलोकपुर में तहरीर देने के बावजूद अब तक पुलिस ने कोई कठोर कार्रवाई नहीं की है। उल्टे दबंगों द्वारा परिवार को जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं।
AIMIM की मांग:
जिला अध्यक्ष निशात अली ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
दबंगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
कानून व्यवस्था की विश्वसनीयता बहाल की जाए।
इस दौरान हिदायतुल्लाह शम्सी, कारी तय्यब फैज़ी, अनवर खान, सरवर आलम, मुजीब उर रहमान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।