सिद्धार्थनगर: बीमार पिता का मुंबई में चल रहा था इलाज, पीछे से चोरों ने घर खंगालकर उड़ाए लाखों के जेवर

Kapilvastupost
गोल्हौरा (सिद्धार्थनगर): गोल्हौरा थाना क्षेत्र के मऊ नानकार गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर का मालिक इलाज के लिए मुंबई में था। चोरी की जानकारी बुधवार सुबह तब हुई जब परिवार के सदस्य की नींद खुली।

बीमारी के कारण मुंबई गया था परिवार
मऊ नानकार निवासी छोटे लाल पिछले काफी समय से बीमार चल रहे हैं। वे अपनी पत्नी के साथ इलाज के सिलसिले में मुंबई गए हुए हैं। घर की रखवाली उनका बेटा अनीश कर रहा था। मंगलवार की रात अनीश घर के बरामदे में सो रहा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घर के पिछले हिस्से से छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया।

ढाई किलो चांदी और 70 ग्राम सोना गायब
बुधवार सुबह जब अनीश कमरे के अंदर गया, तो ताले टूटे देख उसके होश उड़ गए। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे लगभग ढाई किलो चांदी और 70 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए जेवरों की कीमत लाखों में है।
पुलिस का बयान
सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, गोल्हौरा थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी और चोरों की तलाश शुरू कर दी जाएगी।