📅 Published on: January 23, 2026
Nizam Ansari
बढ़नी / पचपेड़वा / बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद अंतर्गत थाना पचपेड़वा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ भाथर सरयू नहर पुल के पास एक अज्ञात युवती का शव मार्च 2025 को बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिशें तेज कर दी हैं और जनता से सहयोग की अपील की है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 06 मार्च 2025 को पचपेड़वा-बढ़नी रोड पर स्थित नहर पुल के पास लगभग 19 वर्षीय एक महिला का शव मिला। घटना के संबंध में थाना पचपेड़वा में रपट संख्या 79, समय 18:25 बजे दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में धारा 103 (1) BNS के तहत मुकदमा संख्या 52/2025 पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है।
शव की पहचान के लिए मुख्य निशान
पुलिस ने शिनाख्त के लिए युवती के शारीरिक हुलिए और पहनावे का विवरण साझा किया है:
* विशेष पहचान: युवती के बाएं हाथ के पंजे में कुल दो अंगूठे (छः उंगलियां) हैं।
* शारीरिक बनावट: सांवला रंग, औसत कद और चेहरा व सीना जला हुआ है।
* पहनावा: सफेद रंग की रेडीमेड पैंट और शरीर के ऊपरी हिस्से पर काले रंग की फुल आस्तीन वाली टी-शर्ट।
पुलिस की अपील और इनाम की घोषणा
पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस युवती के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तत्काल नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क करें। जानकारी देने वाले को उचित पुरस्कार भी दिया जाएगा।
* प्रभारी निरीक्षक पचपेड़वा: 7897801357
* क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर: 9454401366
* अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर: 9454401028