📅 Published on: February 3, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर सोनखर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। माघ मेला देखकर घर लौट रहे दो बाइक सवार युवक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा साथी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सोनौरा गांव निवासी इंद्रेश अट्ठारह वर्ष और सतीश लोधी बीस वर्ष रविवार की रात एक ही बाइक पर सवार होकर बांसी का प्रसिद्ध माघ मेला देखने गए थे। रात में मेला देखने के बाद जब वे वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी सोनखर गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने जा रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बांसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 19 वर्षीय इंद्रेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सतीश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बांसी कोतवाली प्रभारी मृत्युंजय पाठक ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद से मृतक के घर में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।