सिद्धार्थनगर: ड्यूटी पर तैनात BLO को प्रधान और साथियों ने बेरहमी से पीटा, जबरन शराब पिलाकर फंसाने की भी कोशिश
📅 Published on: February 3, 2026
सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ तहसील से एक बेहद निंदनीय घटना सामने आई है, जहाँ चुनावी ड्यूटी (SIR कार्य) कर रहे एक बीएलओ (BLO) पर दबंग प्रधान और उसके साथियों ने न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि उसे जबरन शराब पिलाकर पुलिस को फंसाने की साजिश भी रची।
Kapilvastupost
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।
जनपद के चिल्हिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत गौरा अलीदापुर में रविवार को सरकारी कार्य के दौरान एक बीएलओ पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित बीएलओ विजय कुमार, जो कि कंपोजिट विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात हैं, को वर्तमान प्रधान पंकज चौबे और उनके साथियों ने वोटर लिस्ट के विवाद में बुरी तरह लहूलुहान कर दिया।
विवाद की वजह और बर्बरता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय कुमार रविवार को एसआईआर (SIR) से संबंधित कार्य के लिए अलीदापुर गांव गए थे। वहां ग्राम प्रधान पंकज चौबे ने वोटर लिस्ट की कॉपी लीक होने का आरोप लगाते हुए उनसे विवाद शुरू कर दिया। बीएलओ के इनकार करने पर दबंगों ने उन्हें घेर लिया और जमकर पिटाई की।
हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने बीएलओ को एक दुकान में खींचकर ले जाकर पीटा और फिर उनके मुंह में जबरन शराब डाल दी। इसके बाद प्रधान ने खुद पुलिस को फोन कर बीएलओ को शराबी बताते हुए पकड़वाने की कोशिश की। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी उसे लात मारी गई।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया केस
गंभीर हालत में विजय कुमार को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार शोहरतगढ़ प्रकाश सिंह यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना।
चिल्हिया पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर ग्राम प्रधान पंकज चौबे, संजय चौबे, वेद प्रकाश, शैलेंद्र यादव समेत 6 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 191(2), 127(2), 221, 121(1), और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से आक्रोशित शिक्षामित्रों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
एस डी एम शोहरतगढ़ सूचना पर पहुंचकर घायल बी एल ओ से मुलाकात कर जानकारी ली।


