📅 Published on: February 9, 2026
Kapilvastupost
बस्ती/अयोध्या: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से पिछले कई दिनों से लापता परशुरामपुर थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष अजय कुमार गौड़ का शव रविवार शाम सरयू नदी में तैरता हुआ मिला। मूल रूप से देवरिया जिले के रहने वाले अजय कुमार गौड़ 5 फरवरी की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। उनका शव अयोध्या और बस्ती की सीमा पर निर्माणाधीन रिंग रोड पुल के पास बरामद हुआ है।
नाविक ने दी पुलिस वर्दी देख सूचना
रविवार की शाम तिहुरा मांझा के पास सरयू नदी में मछली पकड़ रहे एक नाविक की नजर पानी में उतराते एक शव पर पड़ी। शव पुलिस की वर्दी में था, जिसका चेहरा नीचे की ओर था। नाविक और स्थानीय ग्राम प्रधान ने तत्काल इसकी सूचना अयोध्या कोतवाली पुलिस को दी। चूंकि मामला बस्ती के लापता उपनिरीक्षक से जुड़ा था, इसलिए बस्ती जिले के आला अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
5 फरवरी से बंद था मोबाइल, लावारिस मिली थी बाइक
परशुरामपुर थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) के पद पर तैनात अजय कुमार गौड़, थाना प्रभारी विश्वमोहन राय के अवकाश पर होने के कारण कार्यभार संभाल रहे थे।
* लापता: 5 फरवरी की शाम 5 बजे वह थाने से निकले थे।
* तलाश: जब उनका सीयूजी और निजी मोबाइल बंद मिला, तो तलाश शुरू की गई।
* सुराग: उनकी बाइक बस्ती मुख्यालय के अमहट घाट के पास कुआनो नदी के तट पर मिली थी।
इसके बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने कुआनो नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन वहां कोई सफलता नहीं मिली थी।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
अयोध्या के एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने पुष्टि की है कि शव बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हिस्से में मिला है। घटनास्थल पर दोनों जिलों की पुलिस मौजूद है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि कुआनो नदी के पास बाइक मिलने के बाद उनका शव सरयू नदी तक कैसे पहुँचा।
बस्ती जिले के पुलिस कप्तान यशवीर सिंह ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने की बात कही है लेकिन पुलिस इसके इतर सभी लोकेशनों की सी सी टी वी फुटेज सहित अन्य जानकारियों के साथ मामले की जांच कर रही ही।