सिद्धार्थनगर: बनुहिया हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। खेसरहा पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बनुहिया बुजुर्ग गांव के बगीचे में हुई युवक मनोज कुमार की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार (आला कत्ल) और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

क्या था मामला?
7 फरवरी की सुबह बनुहिया बुजुर्ग गांव के दक्षिण में स्थित एक बाग में मनोज कुमार (पुत्र स्व. दयाराम) का शव लहूलुहान हालत में मिला था। इस नृशंस हत्या से इलाके में काफी आक्रोश और तनाव व्याप्त था। मृतक की मां सुमित्रा देवी की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष अनुप कुमार मिश्र और सर्विलांस प्रभारी हरेन्द्र चौहान की टीम गठित की गई थी। एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने पुलिस लाइंस सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अनिल यादव और चैतू यादव को मरवटिया नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।

सुजीत यादव और कलावती को बांसी-बेलौहा मार्ग पर चूटी पुल के पास से दबोचा गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।