पत्नी को डराने के लिए युवक कर रहा था फांसी का नाटक, अचानक फिसल गई कुर्सी और कस गया फंदा; पुलिस ने ऐसे बचाई जान

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक को अपनी माँ और पत्नी को डराने के लिए ‘आत्महत्या का नाटक’ करना उस वक्त भारी पड़ गया, जब अचानक उसके पैरों के नीचे से कुर्सी फिसल गई। गनीमत रही कि मौके पर पहुँची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर समय रहते फंदा काट दिया और युवक की जान बच गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, चिल्हिया थाना क्षेत्र के बजहा ग्राम पंचायत के सेमरा टोला का रहने वाला विजय कुमार हाल ही में मुंबई से अपने घर लौटा था। घर आने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी मायके गई हुई है। इस बात से नाराज होकर विजय नशे की हालत में हंगामा करने लगा।

जब उसकी माँ ने नाराजगी में उसे खाना नहीं दिया, तो उसने उन्हें डराने की योजना बनाई। विजय ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और साड़ी का फंदा बनाकर लटकने का नाटक करने लगा।

नाटक बना जान का दुश्मन
परिजनों ने जब उसे फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना पलटादेवी चौकी प्रभारी राजेश कुमार तिवारी को दी गई। पुलिस जब मौके पर पहुँची और दीवार के झरोखे से देखा, तो विजय फंदे से लटका हुआ था। शुरुआत में पुलिस को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है और उन्होंने फॉरेंसिक यूनिट को भी सूचित कर दिया।
इसी बीच अचानक विजय के पैरों के नीचे टिकी कुर्सी खिसक गई और वह सचमुच फंदे पर झूल गया। गले पर दबाव पड़ते ही वह चिल्लाने लगा। शोर सुनकर पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए दरवाजा तोड़ा और फंदा काटकर उसे नीचे उतारा।

गांव में चर्चा का विषय
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग पुलिस की सूझबूझ और तत्परता की सराहना कर रहे हैं, जिनकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल युवक सुरक्षित है।