सिद्धार्थनगर: परिषदीय विद्यालयों में ‘स्टेम’ लैब की दस्तक; बेटियां बनेंगी विज्ञान और तकनीक में आत्मनिर्भर

kapilvastupost 

सिद्धार्थनगर। जनपद के ग्रामीण अंचलों में शिक्षा की नई अलख जगाने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक पहल की गई है। आकांक्षात्मक जनपद सिद्धार्थनगर के तीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (खेसरहा, शोहरतगढ़ और खुनियाव) सहित उच्च प्राथमिक विद्यालय, बेलबेनवा (खुनियाव) में विज्ञान, तकनीकी, अभियांत्रिकी और गणित (STEM) प्रयोगशाला की स्थापना की गई है।

विशेष बात यह है कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बेलबेनवा जनपद का ऐसा पहला परिषदीय विद्यालय बन गया है जहाँ अत्याधुनिक स्टेम लैब स्थापित हुई है।

स्माइल फाउंडेशन और स्केचर का सराहनीय सहयोग

इस परियोजना को स्माइल फाउंडेशन ने बेसिक शिक्षा विभाग और स्केचर के सहयोग से धरातल पर उतारा है। इस प्रयोगशाला का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) अनुभव प्रदान करना है। लैब में विषयों से संबंधित आधुनिक उपकरणों की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे जटिल सिद्धांतों को समझना आसान होगा।

600 बच्चे होंगे लाभान्वित, प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होगा ग्रामीण टैलेंट

इस पहल से क्षेत्र के लगभग 600 छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीण परिवेश के बच्चों के लिए यह लैब वर्तमान समय की वैश्विक प्रतिस्पर्धा में खुद को साबित करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक वरदान साबित होगी। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के प्रयोगों से ग्रामीण प्रतिभाओं को तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का हौसला मिलेगा।