आँखों की सेहत के प्रति बढ़ती लापरवाही पड़ सकती है भारी, डॉ. नदीम अहमद ने दी सावधानी बरतने की सलाह

nizam ansari 

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।

बदलते मौसम, बढ़ते प्रदूषण और डिजिटल उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण इन दिनों आँखों से जुड़ी समस्याओं में तेजी से इजाफा हो रहा है। सीमावर्ती क्षेत्र बढ़नी के प्रतिष्ठित सिद्धार्थ नेत्रालय के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. नदीम अहमद ने आम जनमानस को आँखों की सुरक्षा के प्रति सचेत रहने की सलाह दी है।

डॉ. नदीम अहमद ने बताया कि वर्तमान में आँखों में सूखापन (Dry Eyes), एलर्जी और धुंधलेपन की शिकायतें बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि आँखों की रोशनी अनमोल है और थोड़ी सी सावधानी बरतकर हम गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं।

डॉ. नदीम अहमद द्वारा सुझाए गए मुख्य सुरक्षा उपाय:

  • डिजिटल स्क्रीन का सही उपयोग: मोबाइल या कंप्यूटर का इस्तेमाल करते समय ’20-20-20′ नियम का पालन करें। हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें।

  • धूल और धूप से बचाव: बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाले चश्मे का प्रयोग करें ताकि आँखों को एलर्जी और यूवी किरणों से बचाया जा सके।

  • सफाई का रखें ध्यान: आँखों को बार-बार न छुएं और न ही मलें। दिन में तीन से चार बार साफ ठंडे पानी से आँखें धोएं।

  • पौष्टिक आहार: आँखों की रोशनी बरकरार रखने के लिए खान-पान में हरी सब्जियां, फल और विटामिन-ए युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करें।

  • स्वयं उपचार से बचें: आँखों में लाली, खुजली या पानी आने पर बाजार से बिना डॉक्टरी सलाह के कोई भी आई-ड्रॉप न डालें।

डॉ. नदीम अहमद (नेत्र सर्जन) ने अपील करते हुए कहाआँखों में कोई भी समस्या होने पर उसे नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और सही उपचार ही दृष्टि को सुरक्षित रखने का एकमात्र उपाय है।