📅 Published on: April 3, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जनपद के उस्का बाजार थाना क्षेत्र के बसावनपुर गांव के एक युवक की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव कुर्ला रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक के किनारे बरामद हुआ है। मृतक की मां ने कमरे में साथ रहने वाले जिले के ही दो व्यक्तियों पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
चार दिन से लापता था युवक
जानकारी के अनुसार, बसावनपुर निवासी शैलेंद्र कुमार मुंबई के कंजूर मार्ग स्थित एक किराए के कमरे में जिले के ही दो अन्य लोगों के साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक, 26 मार्च को शैलेंद्र कमरे से निकला था, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा। काफी खोजबीन और संपर्क न हो पाने के कारण परिवार किसी अनहोनी की आशंका से परेशान था। 30 मार्च को उसका शव कुर्ला रेलवे स्टेशन के पास मिला।
शरीर पर चोट के निशान, साथियों पर शक
मृतक की मां शांति देवी ने उस्का बाजार थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शैलेंद्र के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। आरोप है कि शैलेंद्र उन्हीं दो लोगों के साथ घर आने के लिए निकला था, जिनके साथ वह कमरे पर रहता था। वे दोनों तो सुरक्षित अपने घर पहुंच गए, लेकिन शैलेंद्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। परिजनों का कहना है कि जब उन साथियों से पूछताछ की गई, तो वे विरोधाभासी बातें कर रहे हैं, जिससे हत्या का संदेह गहरा गया है।
पुलिसिया कार्रवाई
पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।