सिद्धार्थनगर: पुरानी रंजिश में किशोर पर चाकू से हमला, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

गुरु जी की कलम से 
मिश्रौलिया, सिद्धार्थनगर।
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के धोबही गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 31 मार्च को एक किशोर पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना के संबंध में पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
दुकान पर बैठे किशोर पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धोबही निवासी जमीरुल्लाह उर्फ भदई ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र लाल मोहम्मद उर्फ छोटू गांव में ही अरविंद गुप्त की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव का ही फैय्याज पुत्र अबूशहमा वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। जब छोटू ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने घर से लाया हुआ सब्जी काटने वाला चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हालत गंभीर, जिला अस्पताल में इलाज जारी
इस हमले में किशोर के पेट और बांईं पसली में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) इटवा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़ित का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
मिश्रौलिया पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी फैय्याज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 351(1) और 352 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।