स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाली पर डीएम का कड़ा रुख; ओपीडी में मरीजों की कम संख्या देख अधिकारियों को लगाई फटकार

kapilvastupost 

सिद्धार्थनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के अंतर्गत जिलाधिकारी ने विकासखंड उसका क्षेत्र के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सनई और नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महुलानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी में मरीजों की बेहद कम संख्या देखकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण में सामने आई खामियां

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सा सुविधाओं, डॉक्टरों व स्टाफ की उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता की गहनता से जांच की। आरोग्य मेले के बावजूद ओपीडी (OPD) में मरीजों की उपस्थिति नगण्य मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा है कि गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क व सुलभ इलाज मिले, लेकिन यदि मरीज ही केंद्र तक नहीं पहुंच रहे, तो यह योजना के उद्देश्यों के विपरीत है।

जनता का आरोप: “अक्सर गायब रहते हैं अधीक्षक और डॉक्टर”

जिलाधिकारी के निरीक्षण के बीच स्थानीय जनता ने स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात अधीक्षक और डॉक्टर अक्सर अपनी ड्यूटी से नदारद रहते हैं। लोगों का आरोप है कि उचित इलाज और परामर्श न मिलने के कारण वे अब इन केंद्रों पर जाने से कतराने लगे हैं। जनता के अनुसार, डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण आरोग्य मेले जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं।

डीएम के कड़े निर्देश

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को निर्देशित किया कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को आरोग्य मेले के प्रति जागरूक करें।

मरीजों का समुचित पंजीकरण किया जाए और उन्हें आवश्यक जांच व दवाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों के साथ समन्वय स्थापित करें।

अस्पताल में साफ-सफाई और उपकरणों की क्रियाशीलता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।