📅 Published on: April 12, 2026
Niyamtullah khan
सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा थाना क्षेत्र अंतर्गत कठमोरवा गांव में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर की ऊंचाई पर देख ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
क्या है पूरा मामला?
युवक की पहचान जमुवार निवासी रामवृक्ष चौधरी के पुत्र आकाश चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। आकाश करीब दो दिन पहले ही 6 महीने की जेल काटकर घर लौटा था। पूर्व में वह एक युवती को लेकर फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। जेल से बाहर आने के महज दो दिन बाद ही उसने यह कदम उठा लिया।
प्रशासनिक मुस्तैदी और रेस्क्यू की कोशिश
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। टावर के नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस का प्रयास: अधिकारी लगातार लाउडस्पीकर और बातचीत के जरिए युवक को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
मानसिक तनाव मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि युवक अत्यधिक मानसिक तनाव में दिख रहा है।
वर्तमान स्थिति: पुलिस प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है, जिसके लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी भी की जा रही है।