सिद्धार्थनगर: पुरानी रंजिश में दबंगों ने युवक की बाइक फूँकी, जान से मारने की धमकी

Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर):जनपद के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के औसान कुइंया गांव में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ शनिवार की रात आपसी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक घर के बाहर खड़ी बाइक को आग के हवाले कर दिया। पीड़ित ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पेट्रोल चोरी का विरोध करने पर दी थी धमकी
पीड़ित मो. शोएब पुत्र मो. हनीफ ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच गांव के ही तीन युवकों ने उनकी बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक जलकर राख हो गई। शोएब के अनुसार, करीब दो महीने पहले इन्हीं युवकों में से एक को पेट्रोल चोरी करते हुए पकड़ा गया था। उस समय विरोध करने पर आरोपियों ने भविष्य में गाड़ी जलाने और जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अब उसे ‘उठवा लेने’ और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं, जिससे उसका परिवार डरा हुआ है। इस संबंध में थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।