📅 Published on: April 14, 2026
Kapilvastupost
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ के गडघकुल स्थित एक मोबाइल दुकान में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो उचक्कों ने दुकान संचालक को झांसा देकर करीब 30 हजार रुपये मूल्य के दो एंड्रायड मोबाइल फोन पार कर दिए और मौके से फरार हो गए।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कमल कुमार अपने ‘कमल मोबाइल सेंटर’ पर बैठे थे। तभी दुकान के सामने एक बाइक रुकी, जिस पर दो युवक सवार थे। बाइक चलाने वाले ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरा युवक दुकान के अंदर आया और एंड्रायड मोबाइल दिखाने की मांग करने लगा।
दुकानदार ने जैसे ही उसे दो फोन दिखाए और तीसरा फोन निकालने के लिए पीछे मुड़ा, मौका पाकर युवक दोनों मोबाइल लेकर बाहर खड़ी बाइक पर बैठ गया। जब तक दुकानदार ‘चोर-चोर’ चिल्लाता, तब तक आरोपी अपने साथी के साथ रफूचक्कर हो चुके थे।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना के बाद दुकानदार कमल कुमार ने तत्काल स्थानीय थाना शोहरतगढ़ में सूचना दी। थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मोबाइल चोरी की घटना संज्ञान में है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।