📅 Published on: April 20, 2026
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, 20 अप्रैल 2026 – जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने आज माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसएनसीयू (SNCU) वार्ड और इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लापरवाही मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
लावारिस मिली नवजात बच्ची के बेहतर इलाज के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विशेष रूप से एसएनसीयू वार्ड पहुंचे, जहाँ इटवा थाना क्षेत्र में मिली एक लावारिस नवजात बच्ची का इलाज चल रहा है। बाल कल्याण पुलिस अधिकारी द्वारा भर्ती कराई गई इस बच्ची के स्वास्थ्य को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्ची के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने से पहले उसे डिस्चार्ज न किया जाए।
ड्यूटी से नदारद मिले डॉक्टर, एक दिन का वेतन रोकने का आदेश
इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्यूटी चार्ट का अवलोकन किया। चार्ट पर डॉक्टरों के मोबाइल नंबर अंकित न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और तत्काल नंबर दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अयाज खान अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने की हिदायत
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के समस्त स्टाफ को कड़ी चेतावनी दी कि सभी चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को दी जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. ए.के. झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।