श्री राम बिलास संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय मिडवाइफ दिवस पर ‘लेबर स्टिमुलेशन’ प्रशिक्षण आयोजित

निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर।अंतर्राष्ट्रीय मिडवाइफ दिवस के अवसर पर 5 मई 2026 को श्री राम बिलास संस्थान के प्रसूति एवं स्त्री रोग (OBG) विभाग द्वारा एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग छात्र-छात्राओं को प्रसव प्रक्रिया की बारीकियों और आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना था।

संस्थान की विभागाध्यक्ष श्रीमती गरिमा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सह-प्रभारी मिस श्रीति और मिस श्रद्धा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस दौरान बी.एससी. नर्सिंग छठे और सातवें सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए “लेबर स्टिमुलेशन ट्रेनिंग प्रोग्राम” (प्रसव उद्दीपन प्रशिक्षण) का आयोजन हुआ, जिसमें उन्हें प्रसव प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण (प्रैक्टिकल ट्रेनिंग) भी दी गई।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कॉलेज की निदेशिका डॉ. अनीता द्विवेदी (MBBS, DGO) रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने में मिडवाइव्स की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. द्विवेदी ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संस्थान की प्राचार्या श्रीमती जूही शुक्ला के नेतृत्व और दिशा-निर्देशन में यह पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा, जिससे उन्हें अपने पेशेवर करियर में मदद मिलेगी।