डुमरियागंज: ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

निज़ाम अंसारी

डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर): सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतभारी चौराहे पर मंगलवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक 27 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घर लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र स्थित परसोहिया गांव निवासी गणेश गौंड़ (27), पुत्र दिलीप कुमार, किसी कार्यवश डुमरियागंज आए हुए थे। रात करीब 10 बजे जब वह अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी भारतभारी चौराहे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गणेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस बूथ के पास हुई घटना

हादसा भारतभारी चौराहे पर स्थित पुलिस बूथ से कुछ ही दूरी पर हुआ। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर आए और परिजनों को सूचित किया। बुधवार को मृतक के चाचा मनोज गौंड़ ने थाने में तहरीर देकर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

विधिक कार्रवाई जारी

प्रभारी थानेदार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।