📅 Published on: May 8, 2026
Kapilvastupost
बांसी, सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पिता ने अपनी बेटी को बचाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। दो महीने से लापता बेटी ने गुजरात से अपने पिता को फोन कर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शादी का झांसा देकर ले गया गुजरात, अब दे रहा जान से मारने की धमकी
पीडित पिता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी पुत्री करीब दो माह पूर्व गांव के ही एक युवक के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। लोकलाज के डर से परिवार ने पहले पुलिस को सूचना नहीं दी और अपने स्तर पर खोजबीन करते रहे।
तीन-चार दिन पहले अचानक बेटी का फोन आया, जिसने रोते हुए बताया कि गांव का ही महेश पुत्र रामकिशुन उसे बहला-फुसलाकर और शादी का झांसा देकर गुजरात ले आया है। वहां वह उसे बंधक बनाकर रखता है और आए दिन मारपीट करता है। पीड़िता ने फोन पर डरते हुए कहा, *”पापा, मैं चोरी-छिपे फोन कर रही हूं, मुझे बचा लीजिए वरना यह मुझे जान से मार डालेगा।”*
आरोपी के परिजनों ने झाड़ा पल्ला
बेटी की कॉल आने के बाद जब पिता ने आरोपी महेश के परिजनों से संपर्क किया, तो उन्होंने सहयोग करने के बजाय साफ इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि उनका बेटा ऐसा नहीं कर सकता और वे बिना वजह उन्हें परेशान कर रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बांसी पुलिस ने तत्परता दिखाई है। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर बुधवार शाम को आरोपी महेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की निम्नलिखित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है:
धारा 87: बहला-फुसलाकर ले जाना।
धारा 115(2): स्वेच्छा से चोट पहुँचाना।
धारा 352: शांति भंग करने के इरादे से अपमान।
धारा 351(3): जान से मारने की धमकी देना।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और युवती की बरामदगी व आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।