📅 Published on: May 8, 2026
खखरा गाँव की घटना ने झकझोरा — माँ का दिल पत्थर बना
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। लोटन कोतवाली क्षेत्र के खखरा गाँव से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। यहाँ एक महिला ने अपने चार छोटे-छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़कर दिल्ली जाने का फैसला कर लिया। ममता और रिश्तों को ताक पर रखकर की गई इस हरकत ने गाँव के लोगों को भावुक कर दिया।
15 साल पहले हुई थी शादी, दिल्ली में नौकरी बनी दूरी की वजह
जानकारी के अनुसार करीब 15 वर्ष पहले दोनों की शादी हुई थी। शादी के बाद पति दिल्ली में नौकरी करने लगा। कुछ साल बाद पत्नी भी उसके साथ दिल्ली चली गई। पुलिस के अनुसार दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान महिला का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हो गया, जिसके बाद पति-पत्नी के रिश्तों में दरार पड़ती चली गई।
चार बच्चे हुए, लेकिन विवाद बढ़ता रहा
परिवार बढ़ता रहा और चार बच्चे हुए, लेकिन घर में कलह थमने का नाम नहीं ले रही थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब इस मुकाम पर पहुँच गया जब महिला ने साफ कह दिया कि वह अपने पति और बच्चों से कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती।
थाने पहुँचा मामला, पुलिस की सुलह कोशिश भी रही बेकार
गुरुवार की सुबह मामला लोटन थाने तक पहुँचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाने-बुझाने की पूरी कोशिश की। काफी देर तक बातचीत भी चली, लेकिन महिला अपने फैसले पर अडिग रही। थाने से बाहर निकलते ही बच्चे उससे लिपट गए। वहाँ मौजूद लोग और कई ग्रामीण यह दृश्य देखकर भावुक हो उठे। सबने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह बच्चों को रोता छोड़कर चली गई।
2 साल के मासूम को संभालना सबसे बड़ी चुनौती
मजदूरी कर परिवार चलाने वाले इस पिता के लिए अब चार छोटे बच्चों की परवरिश करना आसान नहीं होगा। खासकर दो साल के सबसे छोटे बच्चे की देखभाल करना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। गाँव के लोग इस परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं, लेकिन माँ की कमी को कोई पूरा नहीं कर सकता।