📅 Published on: May 9, 2026
गुरूजी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर: कहते हैं कि अगर सपनों में जान और इरादों में मजबूती हो, तो आसमान की ऊंचाइयों को छूना मुश्किल नहीं है। इसे सच कर दिखाया है सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी विकासखंड स्थित ग्राम अहिरौला के निवासी आनंद चौधरी ने। आनंद का चयन देश की प्रतिष्ठित विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) में पायलट के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
संघर्ष और उपलब्धियों भरा सफर
आनंद चौधरी की सफलता की कहानी कड़ी मेहनत और बदलाव की मिसाल है। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा गोरखपुर के सेंट पॉल स्कूल से पूरी की। इसके बाद, उन्होंने हैदराबाद से एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग की डिग्री ली। पेशेवर जीवन की शुरुआत उन्होंने मुंबई में एयर इंडिया के साथ प्रशिक्षण लेकर की और बाद में इंडिगो एयरलाइंस में ही बतौर इंजीनियर कार्यरत रहे।
सपनों के लिए छोड़ी जमीनी नौकरी
हवाई जहाजों की तकनीकी बारीकियों को समझते हुए आनंद के मन में उन्हें उड़ाने का सपना जागा। अपने इस लक्ष्य को पाने के लिए उन्होंने इंजीनियर की सुरक्षित नौकरी छोड़ दी और कानपुर के गर्ग एविएशन लिमिटेड से कमर्शियल पायलट का कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने दुबई जाकर एयरबस A-320 विमान उड़ाने की विशेष ‘टाइप रेटिंग’ ट्रेनिंग भी पूरी की।
युवाओं के लिए प्रेरणा
विभिन्न परीक्षाओं और साक्षात्कारों के लंबे दौर के बाद, आनंद ने आखिरकार इंडिगो में पायलट बनकर अपनी मंजिल हासिल की। उनकी सफलता पर क्षेत्र के लोगों का कहना है कि आनंद की यह यात्रा उन युवाओं के लिए एक बड़ी सीख है जो संसाधनों से ज्यादा अपने संकल्प पर भरोसा करते हैं।