📅 Published on: May 29, 2026
Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर।** मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चेतिया स्थित बागे मदीना मस्जिद बड़हरघाट सहित चेतिया, राजडीह, दसिया और निहलवा की मस्जिदों में आज दिनांक 28/05/2026 को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।
मस्जिदों में मौलाना रब्बानी साहब की इमामत में सैकड़ों मोमिनों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद बारगाह-ए-इलाही में हाथ उठाकर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए खास दुआएं मांगी गईं। नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
पुलिस प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। *चेतिया पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार चौहान* अपने समस्त स्टाफ के साथ लगातार मस्जिद परिसरों और संवेदनशील मोड़ों पर मुस्तैद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में ग्राम प्रहरी *उमेश यादव* सहित अन्य प्रहरियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
सुचारू रही यातायात व्यवस्था
नमाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा मस्जिदों के बाहर बैरिकेडिंग की गई थी और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू रखा गया।
चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार चौहान ने बताया कि क्षेत्र में त्योहार पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। नागरिकों का भी त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में पूरा सहयोग रहा।