संदेह के घेरे में मौत: शोहरतगढ़ में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

**पड़रिया गांव में मचा कोहराम, दो साल के मासूम के सिर से उठा मां का साया**

निजाम अंसारी
**शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)।**
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक घर के दूसरे तल पर बने कमरे में 23 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में छत की कुंडी से साड़ी के फंदे के सहारे लटकता हुआ पाया गया। घटना के बाद से ही गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतका अपने पीछे दो साल का एक मासूम बेटा छोड़ गई है।
**खेत पर गए थे पति, सास ने सबसे पहले देखा शव**
मृतका की पहचान खुशबू यादव (23) पत्नी दिनेश यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर खुशबू का पति दिनेश यादव खेती के काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी बीच जब दिनेश की मां घर के दूसरे तल पर स्थित कमरे के पास पहुंचीं, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। बहू खुशबू का शव छत की कुंडी से लटक रहा था। सास के चीखने-चिल्लाने और रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना खेत में काम कर रहे पति दिनेश को दी, जिसके बाद उसने घर पहुंचकर पुलिस को मामले से अवगत कराया।
**बलरामपुर से आए मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप**
मृतका खुशबू का मायका बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के सेहरी गांव में है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग रोते-बिलखते पड़रिया गांव पहुंचे। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले को सीधे तौर पर दहेज हत्या से जोड़ा है। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को पहले बेरहमी से मारा गया और फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
**पुलिस की कार्रवाई:** सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कुंडी से उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया है और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।