बढ़नी ब्लॉक: मनरेगा में महाघोटाला, केवल ‘फोटो शूट’ तक सिमटा ‘विकास’

इस कड़ी धूप में जहां लेबर का शॉर्टेज है ऐसे समय में कई ग्राम पंचायतों में सैकड़ों मजदूर काम पर लगे होना बेमानी है। देश के खून पसीने की कमाई की लूट को लेकर जनता में चर्चा।

मिट्टी पटान के नाम पर सैकड़ों लोगों का फर्जी मास्टर रोल, जमीनी स्तर पर काम शून्य।

‘श्रमशक्ति’ बनकर आते हैं, फोटो खिंचवाते हैं और पैसे लेकर घर चले जाते हैं ‘मजदूर’।

गुरु जी की कलम से

सिद्धार्थनगर (बढ़नी): विकास खण्ड बढ़नी क्षेत्र के दर्जनों ग्राम पंचायतों में मनरेगा ‘जी राम जी’ योजना के नाम पर भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दर्जनों ग्राम पंचायतों में मिट्टी पटाई कार्य के नाम पर सैकड़ों लोगों का फर्जी मास्टर रोल भरा जा रहा है, जिसमें ज्यादातर ऐसे श्रमिकों का नाम शामिल है जो केवल फोटो खिंचवाकर अपने घर चले जाते हैं। मौके पर कोई वास्तविक कार्य होता नजर नहीं आ रहा है। लोगों के नाम पर फर्जी मास्टर रोल भरे जाने की चर्चा जोरों पर है।

​स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बढ़नी ब्लाक के जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से कुछ ग्राम प्रधान व रोजगार सेवक अपने चहेते लोगों के नाम पर फर्जीवाड़ा कर सरकारी धन का बंदरबांट करने में लगे हुए हैं। अब सवाल उठता है कि आखिर वह कौन से जिम्मेदार लोग हैं जो जमीनी स्तर पर सच्चाई जानने के बजाय लोगों को लूट करने की छूट दे रखे हैं।

जांच की उठ रही मांग

​ग्रामीणों ने बताया कि मनरेगा स्थल महज एक पिकनिक स्पॉट बनकर रह गया है। बताया जाता है कि कई ग्राम पंचायतों में बीते काफी दिनों से फर्जी मास्टर रोल भरने का सिलसिला जारी है। ब्लॉक के जिम्मेदार कार्यक्रम अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे मिलीभगत होने की आशंका जाहिर की जा रही है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।