📅 Published on: June 10, 2026
Nizam Ansari
लोटन (सिद्धार्थनगर)। उत्तर प्रदेश के लोटन कस्बे में स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘मॉडर्न पैथोलॉजी एंड डायग्नोस्टिक सेंटर’ को पूरी तरह से सील कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पोर्टल (Igrs) पर ऑनलाइन दर्ज कराई गई एक पीड़ित की शिकायत और उसके बाद हुई जांच के आधार पर की गई है। लैब पर आरोप है कि उसकी गलत मेडिकल रिपोर्ट की वजह से एक मरीज की जान चली गई।
**क्या है पूरा मामला?**
मिली जानकारी के अनुसार, लोटन ब्लॉक क्षेत्र के रमवापुर ग्राम पंचायत के टोला रातेखावा के रहने वाले राजेश (पुत्र रामशंकर) ने सीएम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। राजेश ने बताया कि उनके चाचा कृपाशंकर को हल्की खांसी की शिकायत थी। वे इलाज के सिलसिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लोटन गए थे, जहां डॉक्टर ने उन्हें कुछ जरूरी जांचें कराने की सलाह दी।
डॉक्टर के कहने पर परिजन कृपाशंकर को जांच के लिए कस्बे में ही स्थित ‘मॉडर्न पैथोलॉजी एंड डायग्नोस्टिक सेंटर’ ले गए। आरोप है कि पैथोलॉजी लैब ने मरीज की गलत रिपोर्ट तैयार करके दे दी। इसी गलत रिपोर्ट को आधार मानकर डॉक्टर ने मरीज का इलाज शुरू कर दिया और दवाएं दे दीं।
**गलत इलाज से बिगड़ी तबीयत, मेडिकल कॉलेज में मौत**
दवाएं शुरू होने के बाद कृपाशंकर की हालत सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई। जब परिजन दोबारा डॉक्टर के पास पहुंचे, तो गंभीर स्थिति को देखते हुए मरीज को तुरंत माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इलाज के दौरान तड़के सुबह करीब चार बजे मरीज कृपाशंकर ने दम तोड़ दिया।
**जांच में खुली पोल, हुई सीलिंग की कार्रवाई**
चाचा की मौत से आहत राजेश ने इस लापरवाही के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित चौधरी ने बताया कि सीएम पोर्टल पर मिली शिकायत के बाद मामले की गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान पैथोलॉजी सेंटर के संचालन और रिपोर्टिंग में भारी अनियमितताएं और खामियां पाई गईं। इसके बाद तत्काल प्रभाव से मॉडर्न पैथोलॉजी एंड डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया गया।
इस सख्त कार्रवाई से इलाके में अवैध और लापरवाही से चल रहे अन्य पैथोलॉजी केंद्रों और क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है।