Kapilvastupost
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ कस्बा निवासी एक व्यवसायी की बुधवार सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक के घर में महज चार दिन बाद बेटे और बेटी की शादी होनी तय थी, लेकिन इस असमय हादसे ने शादी के जश्न को चीख-पुकार में बदल दिया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। **डिलिवरी देने जा रहे थे कोटिया बाजार**
जानकारी के मुताबिक, शोहरतगढ़ कस्बा निवासी मोहम्मद सफी (55 वर्ष) मिठाई के डिब्बे बनाने और बेचने का व्यवसाय करते थे। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने दुपहिया वाहन (बाइक) पर मिठाई के डिब्बों की डिलिवरी देने के लिए कोटिया बाजार जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वह मड़वा चौराहे से आगे अंसारी पेट्रोल पंप से सौ मीटर आगे पहुंचा ही था, सामने से आ रही एक अनियंत्रित जेसीबी (संख्या: UP 55 TT 8344) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मो. सफी गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही तड़पने लगे। **अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत**
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शोहरतगढ़ ले जाया गया। वहाँ तैनात चिकित्सक डॉ. अर्जुन यादव ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर परिजनों तक पहुँची, घर में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ पुलिस बल के साथ इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह मौके पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल जेसीबी और क्षतिग्रस्त दुपहिया वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। **चार दिन बाद थी बेटे-बेटी की शादी, स्तब्ध हैं लोग**
मोहल्ले और आसपास के लोगों ने बताया कि मोहम्मद सफी बेहद मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे। उनके घर में इस समय विवाह की जोर-शोर से तैयारियाँ चल रही थीं। महज चार दिन बाद उनके बेटे और बेटी दोनों की शादी होने वाली थी। जिस घर से चार दिन बाद बारात निकलनी और डोली उठनी थी, वहाँ अचानक मातम पसर गया।
स्थानीय लोग इस बात से बेहद दुखी और चिंतित हैं कि विवाह की खुशियों के बीच अब यह पीड़ित परिवार इस असहनीय दुख का सामना कैसे करेगा।