सिद्धार्थनगर में दुस्साहस: दिनदहाड़े पत्रकार से असलहे के बल पर 29 हजार की लूट, कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

गुरु जी की कलम से
*सिद्धार्थनगर।* जिला मुख्यालय पर मंगलवार दोपहर हुई लूट की एक सनसनीखेज वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह कठघरे में खड़ा कर दिया है। शास्त्रीनगर निवासी पत्रकार आसिफ इकबाल से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने असलहा दिखाकर ₹29,000 लूट लिए और बड़ी आसानी से फरार हो गए। यह पूरी घटना शहर के सबसे व्यस्त इलाके अशोक मार्ग स्थित बुद्ध पार्क के पास दोपहर करीब 2:30 बजे घटित हुई।
**विरोध करने पर पत्रकार को जमीन पर पटका**
पीड़ित पत्रकार आसिफ इकबाल ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से साड़ी तिराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बुद्ध पार्क के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर असलहा तान दिया और जेब में रखी नकदी छीन ली। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया, तो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और हथियार लहराते हुए रफूचक्कर हो गए।
**CCTV खंगाल रही है पुलिस और SOG की टीम**
दिनदहाड़े पत्रकार से लूट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसओजी (SOG) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आसपास की दुकानों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पीड़ित पत्रकार ने सदर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
**गुरुजी की कलम से: जब आईना दिखाने वाला ही सुरक्षित नहीं…** लोकतंत्र में पत्रकार केवल खबर लिखने वाला कोई व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह समाज की आंख, कान और दबी हुई आवाजों का माध्यम होता है। यदि जिला मुख्यालय जैसे अति-सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में दिनदहाड़े एक पत्रकार के साथ ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम नागरिक की सुरक्षा को लेकर चिंता होना बिल्कुल स्वाभाविक है।
अब यह घटना सिद्धार्थनगर पुलिस के लिए महज एक लूट का केस नहीं है, बल्कि यह कानून-व्यवस्था पर जनता के डगमगाते भरोसे की अग्निपरीक्षा है। अब देखना यह है कि पुलिस इन बेखौफ अपराधियों की गर्दन तक कितनी जल्दी पहुंचती है और उन्हें कानून के कठघरे में खड़ा कर पाती है।