नियमों को ठेंगा: मॉडल शॉप की तरह चल रहा खजुरिया का देशी शराब ठेका, देबरुवा-ढेकहरी मार्ग पर राहगीर परेशान

गुरु जी की कलम से
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। स्थानीय आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन की कथित अनदेखी के चलते क्षेत्र में शराब ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला देबरुवा से ढेकहरी मार्ग का है, जहां खजुरिया के निकट स्थित एक देशी शराब का ठेका इन दिनों सामान्य दुकान के बजाय ‘मॉडल शॉप’ की तर्ज पर संचालित होता दिखाई दे रहा है। इस दुकान पर सुबह से लेकर देर रात तक पियक्कड़ों और अराजक तत्वों की भारी भीड़ जमा रहती है, जिससे इस मुख्य मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
**सड़क किनारे सजती है महफिल, हमेशा बनी रहती है भीड़**
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के मुताबिक, खजुरिया के पास स्थित इस देशी शराब के ठेके पर नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। देशी शराब की दुकानों पर केवल सीलबंद बोतल या पौवा बेचने का नियम है, लेकिन यहाँ का नजारा बिल्कुल अलग है। ठेके के आसपास और मुख्य सड़क के किनारे ही शराब पीने वालों का ताँता लगा रहता है। दुकान के इर्द-गिर्द खाने-पीने और चखने की अनधिकृत व्यवस्था होने के कारण लोग इसे मॉडल शॉप समझकर वहीं पर जाम छलकाना शुरू कर देते हैं, जिससे यहाँ हमेशा मेले जैसा माहौल और भारी भीड़-भाड़ बनी रहती है।
**राहगीरों और महिलाओं का निकलना हुआ दूभर**
देबरुवा से ढेकहरी को जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत व्यस्त माना जाता है। इस रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे, छात्राएं और महिलाएं आवागमन करती हैं। ठेके पर जुटने वाली शराबियों की अनियंत्रित भीड़ और उनके द्वारा की जाने वाली तेज आवाजें व अमर्यादित भाषा के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली महिलाओं और संभ्रांत नागरिकों को बेहद असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। नशे में धुत असामाजिक तत्वों के चलते यहाँ कभी भी बड़ी अप्रिय घटना या आपसी विवाद होने का अंदेशा बना रहता है।
**जिम्मेदार आबकारी और पुलिस विभाग मौन**
नियमानुसार सार्वजनिक स्थलों या शराब के ठेके के ठीक बाहर खुले में मदिरापान कराना कानूनी रूप से दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद, मुख्य मार्ग पर इस कदर भीड़ जुटना और खुलेआम शराब का दौर चलना स्थानीय ढेबरुआ पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर से अपनी आँखें मूंदे बैठे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
**स्थानीय लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग**
खजुरिया और आसपास के ग्रामीणों सहित इस मार्ग का उपयोग करने वाले राहगीरों ने जिला प्रशासन और आबकारी कमिश्नर का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया है। लोगों ने मांग की है कि इस ठेके पर तत्काल औचक निरीक्षण कर सड़क किनारे महफिल जमाने वाले शराबियों और उन्हें बढ़ावा देने वाले संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि देबरुवा-ढेकहरी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण हो सके।