📅 Published on: July 9, 2026
Kapilvastupost
**शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)।** शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बानगंगा बैराज के पास स्थित श्मशान घाट से बुधवार शाम अज्ञात चोरों ने दो बाइक पार कर दीं। पीड़ित जब तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर वापस लौटे, तब तक उनकी गाड़ियां गायब हो चुकी थीं। काफी खोजबीन के बाद भी जब बाइकों का कुछ पता नहीं चला, तो पीड़ितों ने स्थानीय पुलिस को मामले की तहरीर दी।
**अंतिम संस्कार से लौटे तो उड़े होश**
मिली जानकारी के मुताबिक, चिल्हिया थाना क्षेत्र के चनरगड्डी गांव निवासी राज नारायण मिश्र (पुत्र कपिलदेव मिश्र) और पलिया सिसवा निवासी धीरेंद्र कुमार (पुत्र गिरजा शंकर) बुधवार को सेहुड़ा से एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बानगंगा बैराज के पास श्मशान घाट आए थे।
शाम करीब 5 बजे दाह संस्कार संपन्न होने के बाद जब दोनों वापस अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे, तो वहां बाइक न देखकर उनके होश उड़ गए। आस-पास काफी तलाश करने और लोगों से पूछताछ करने के बावजूद गाड़ियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थक-हारकर पीड़ितों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।