सिद्धार्थनगर: मैरिज हॉल में युवक ने फंदे से लटककर दी जान, आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले पत्नी को भेजा था वीडियो

निजाम अंसारी
**सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश):** जनपद के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम भैसाही से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के ‘मेजबान गार्डन मैरिज हॉल’ में बृहस्पतिवार दोपहर एक 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस खौफनाक कदम को उठाने से ठीक पहले युवक ने अपनी पत्नी को एक वीडियो भी भेजा था, जिसमें उसने आत्महत्या की बात कही थी। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
**बाजार गई थी पत्नी, तभी आया खौफनाक वीडियो**
मृतक की पहचान 27 वर्षीय सचिन विश्वकर्मा (पुत्र अमरनाथ विश्वकर्मा) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शंकरगढ़ गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि सचिन ने करीब 5 साल पहले अंशु विश्वकर्मा (25 वर्ष) से प्रेम विवाह किया था। दोनों की एक 3 वर्षीय मासूम बेटी बनिष्का भी है। यह परिवार पिछले लगभग दो महीनों से मेजबान गार्डन मैरिज हॉल में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था।
घटना के समय सचिन की पत्नी अंशु पास के ही बढ़या चौराहे पर बाजार करने गई हुई थी। इसी बीच सचिन ने अपने गले में रस्सी डालकर एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे पत्नी के मोबाइल पर भेज दिया। वीडियो में उसने सुसाइड करने की बात कही थी।
**भागती हुई पहुँची पत्नी, लेकिन तब तक हो चुकी थी देर**
जैसे ही अंशु ने वह वीडियो देखा, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह बदहवास हालत में बाजार से पैदल ही दौड़ती हुई मैरिज हॉल पहुँची। अंशु जब ऊपर की मंजिल के कमरे में पहुँची, तो वहाँ का नजारा देख उसकी चीख निकल गई। सचिन पंखे से नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था।
**फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी**
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जमा हो गए और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मिश्रौलिया थाना प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस घरेलू कलह समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।