सिद्धार्थनगर: प्रेस क्लब भवन निर्माण को लेकर सांसद जगदंबिका पाल को सौंपा ज्ञापन, ₹47 लाख के बजट पर भी उठाए सवाल

Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर।** जनपद में पत्रकारों के हित और उनकी स्थाई बैठक व्यवस्था को लेकर ‘ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ’ ने अपनी आवाज बुलंद की है। संघ के पूर्वांचल प्रभारी मनोज कुमार ने डुमरियागंज के लोकप्रिय सांसद जगदंबिका पाल से मुलाकात कर उन्हें एक लिखित ज्ञापन सौंपा। इस मांग पत्र के माध्यम से जिले में जल्द से जल्द एक भव्य और स्थाई प्रेस क्लब भवन निर्माण कराने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई।
**₹47 लाख के बजट पर पूछा सवाल**
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्वांचल प्रभारी मनोज कुमार ने एक महत्वपूर्ण वित्तीय मुद्दा भी सांसद के समक्ष रखा। उन्होंने ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि पूर्व में प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए ₹47 लाख का बजट आवंटित हुआ था। संघ ने मांग की है कि इस बात की उच्च स्तरीय जांच और जानकारी दी जाए कि वह बजट वर्तमान में किस विभाग के पास है या उसे कहाँ खर्च किया गया है।
**सांसद के रुख पर टिकीं पत्रकारों की उम्मीदें**
जिले के पत्रकारों को काम करने और आपस में वैचारिक आदान-प्रदान के लिए एक सुरक्षित व स्थाई ठिकाने की लंबे समय से आवश्यकता है। ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ ने उम्मीद जताई है कि पत्रकारों के व्यापक हित को देखते हुए सांसद जगदंबिका पाल इस मामले को गंभीरता से लेंगे और भवन निर्माण में अपना बहुमूल्य व त्वरित योगदान देंगे।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि सांसद महोदय के प्रयासों से सिद्धार्थनगर में प्रेस क्लब का सपना साकार होता है, तो जनपद का संपूर्ण पत्रकार जगत सदैव उनका आभारी रहेगा।