📅 Published on: July 14, 2026
Kapilvastupost
**लोटन (सिद्धार्थनगर)।** लोटन कोतवाली क्षेत्र के घोंघी नदी पुल के पास रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने आया 55 वर्षीय अधेड़ नदी में नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सोमवार को घटना के करीब 22 घंटे बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने घटनास्थल से 300 मीटर दूर से उसका शव बरामद किया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पैर फिसलने से गहरे पानी में गए मकालू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के बड़गो गांव (भुड़कुड़हा टोला) निवासी मकालू (55) पुत्र उदयराज रविवार को अपने गांव के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने घोंघी नदी पुल के पूर्वी छोर पर आए थे। दाह संस्कार संपन्न होने के बाद, मकालू नदी में नहाने के लिए अपने कपड़े और चप्पल बाहर निकालकर पानी में उतरे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए।
22 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते और उन्हें बचाने का प्रयास करते, मकालू नदी की गहराइयों में लापता हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी हरिओम कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए तत्काल एसडीआरएफ टीम को सूचित किया। सोमवार को मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया और दोपहर बाद घटनास्थल से 300 मीटर की दूरी पर मकालू का शव ढूंढ निकाला।
परिजनों में मचा कोहराम
सोमवार को जब तक शव बरामद नहीं हुआ, तब तक नदी के किनारे परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही। जैसे ही शव को पानी से बाहर निकाला गया, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। कोतवाली प्रभारी हरिओम कुशवाहा ने बताया कि एसडीआरएफ की मदद से शव को बरामद कर लिया गया है और पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।