📅 Published on: July 23, 2026
निजाम अंसारी / नवरंगी यादव
**शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर):**
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट पर बृहस्पतिवार दोपहर एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ अंतिम संस्कार के दौरान तीन युवक नदी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हर हरकत में आया और एनडीआरएफ व गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
अंतिम संस्कार के समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, जोगिया विकासखंड के ग्राम पंचायत माधवापुर (टोला मिझुनिया) की निवासी कंचन देवी (85 वर्ष), पत्नी स्व. राम मुकुट का देहांत हो गया था। परिजन व ग्रामीण उनका अंतिम संस्कार करने के लिए बैदौली घाट पहुंचे थे। दोपहर लगभग 1:30 बजे दाह संस्कार की प्रक्रिया के दौरान अचानक तीन युवक नदी के तेज बहाव में आ गए और देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गए।
**लापता युवकों का विवरण:**
* **शिवा (17 वर्ष)**, पुत्र श्री राममूरत
* **रवि (17 वर्ष)**, पुत्र श्री रामरूप
* **मोनू (18 वर्ष)**, पुत्र श्री बबलू
त्वरित कार्रवाई और प्रशासन की मौजूदगी
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार प्रकाश सिंह एवं शोहरतगढ़ थाना प्रभारी (SHO) नवीन सिंह भारी पुलिस बल और राहत टीमों के साथ मौके पर पहुंचे।
तहसीलदार श्री प्रकाश ने बताया कि घटना बेहद दुखद है और सूचना मिलते ही बिना किसी विलंब के स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल को तैनात कर दिया गया है। नदी में लापता तीनों युवकों की तलाश युद्धस्तर पर की जा रही है। पूरा जिला प्रशासन परिजनों के संपर्क में है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
गांव में पसरा सन्नाटा
एक तरफ जहां बुजुर्ग महिला के निधन से परिवार में शोक का माहौल था, वहीं एक साथ तीन नवयुवकों के नदी में डूबने की खबर से पूरे माधवापुर और आसपास के क्षेत्रों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण ईश्वर से युवकों के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।