तेज रफ्तार ट्रक का कहर: 13 वर्षीय बच्ची की कुचलकर दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने लगाया सड़क जाम

Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर।** जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिजौरा-बेलवा मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने 13 वर्षीय मासूम को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसके विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलवा निवासी वरुण गौतम की 13 वर्षीया पुत्री करिश्मा बिजौरा-बेलवा मार्ग से गुजर रही थी। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया।
सूचना मिलते ही त्रिलोकपुर पुलिस टीम बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और पुलिस आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।