📅 Published on: July 30, 2026
नवरंगी यादव
**चेतिया, मिश्रौलिया
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में देर रात दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। घर में घुसकर महिला से छेड़खानी का विरोध करने पर दो मनबढ़ युवकों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, जाते-जाते दबंग महिला के कान की झुमकी और घर से अन्य जेवरात भी छीन ले गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पीड़ित महिला के पति रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई रहते हैं। महिला मंगलवार की देर रात लगभग तीन बजे अपने तीन बच्चों के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो नशेड़ी युवक अचानक वहां पहुंचे और महिला के साथ अश्लील हरकतें करने लगे।
जब महिला ने उनका कड़ा विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो मनबढ़ों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने जबरन उसके कान की झुमकी और अन्य जेवरात छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।