📅 Published on: July 30, 2026
Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर।** जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धनखरपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक की जान बच गई। दुर्घटना का मुख्य कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक उतरौला से बेवा की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक धनखरपुर गांव के पास पहुंचा, अचानक चालक को झपकी आ गई। इससे गाड़ी से नियंत्रण हट गया और वह सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसका चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया।
दुर्घटना के बाद चालक काफी देर तक फंसा रहा और जोर-जोर से मदद के लिए गुहार लगाता रहा। चीख-पुकार सुनकर पास के बसडिलिया निवासी माबूद फारुकी और अन्य स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए कड़ी मशक्कत की और सूझबूझ का परिचय देते हुए चालक को सुरक्षित केबिन से बाहर निकाला।
ग्रामीणों की तत्परता की वजह से चालक को केवल हल्की-फुल्की चोटें ही आईं और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की इस बहादुरी और त्वरित सहायता की चारों ओर सराहना हो रही है।