📅 Published on: August 1, 2026
Kapilvastupost
कठेला समय माता थाना क्षेत्र के नवेल पश्चिम डीह गांव में गुरुवार देर शाम एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ घर में अकेली मौजूद 18 वर्षीय युवती ने कथित रूप से फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
**खेत से लौटने पर मिला फंदे से लटकता शव**
पुलिस को दी गई तहरीर में नवेल पश्चिम डीह निवासी पंचम निषाद ने बताया कि गुरुवार को दिन में वह अपनी बहू शारदा देवी के साथ खेत में मूंगफली खोदने गए थे। उस समय घर पर उनके पुत्र इंद्रजीत निषाद की 18 वर्षीय पुत्री साधना अकेली थी।
शाम करीब सात बजे जब परिजन खेत से वापस लौटे, तो घर के पास स्थित छप्परनुमा मकान में लकड़ी के बड़ेर से साड़ी के फंदे के सहारे साधना का शव लटकता मिला। यह नजारा देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
**पुलिस ने शुरू की मामले की जांच**
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की सहायता से युवती को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल कठेला समय माता थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।