लापता 15 वर्षीय किशोर का पोखरे में मिला शव, छह दिन बाद रेलवे पटरी के पास उतराता दिखा शव
📅 Published on: August 19, 2026
चिल्हिया क्षेत्र के गौहनिया गाँव की घटना, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
छह दिनों से लापता था किशोर, परिवार में छाया मातम
Kapilvastupost
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। चिल्हिया थाना क्षेत्र के गौहनिया रेलवे पटरी के किनारे स्थित एक मुर्गी फॉर्म के पास मंगलवार को पोखरे के पानी में एक 15 वर्षीय किशोर का शव उतराता हुआ मिला। शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छह दिन पहले घर से हुआ था लापता
गौहनिया निवासी शनि गुप्त (15) पुत्र लौटन गुप्त बीते छह दिन पहले अचानक अपने घर से लापता हो गया था। परिजन लगातार अपने स्तर पर उसकी खोजबीन कर रहे थे। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने चिल्हिया थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों ने पोखरे में देखा शव
मंगलवार को गाँव से कुछ दूरी पर रेलवे पटरी के पास एक मुर्गी फॉर्म के निकट पोखरे में ग्रामीणों ने एक शव तैरते हुए देखा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही चिल्हिया थानाध्यक्ष राजेश गुप्त अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे।
परिवार में मचा कोहराम
मौके पर पहुँचे परिजनों ने शव की पहचान लापता शनि गुप्त के रूप में की। शनि दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। अपने लाडले का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष का बयान: चिल्हिया थानाध्यक्ष राजेश गुप्त ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

