सिद्धार्थनगर: लोटन के एकडेंगवा गांव में बेखौफ चोरों का तांडव, एक ही रात तीन घरों के ताले टूटे

Kapilvastupost

लोटन (सिद्धार्थनगर)। लोटन कोतवाली क्षेत्र के एकडेंगवा गांव में सोमवार की रात बेखौफ बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए एक लाख रुपये से अधिक की नकदी, मोबाइल और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

1. झोपड़ी से नकदी व मोबाइल पार, भागने के लिए बाइक की तार काटी

गांव निवासी कुलदीप विश्वकर्मा पुत्र रामलखन ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि रात में चोर सड़क पर कार खड़ी कर उनकी झोपड़ी में दाखिल हुए। चोरों ने झोपड़ी में रखे 3 मोबाइल फोन और पैंट की जेब से ₹50,000 नकद पार कर दिए। पीड़ित का कहना है कि जब उन्हें भनक लगी तो उन्होंने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चोरों ने शातिराना अंदाज में उनकी बाइक के प्लग का तार पहले ही काट दिया था, जिससे वे पीछा न कर सके। इसके बाद बदमाश कार से फरार हो गए।

2. ताला तोड़कर घर में घुसे, जेवर और नकदी चोरी

गांव की ही संगीता पत्नी बब्लू ने भी पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि रात में पूरा परिवार सो रहा था, तभी अज्ञात चोरों ने घर का मुख्य ताला तोड़ दिया। चोर घर के अंदर अलमारी से एक पायल, एक पावजेब और ₹6,000 नकद चुराकर चंपत हो गए।

3. सो रही युवती के गले से लॉकेट काटकर भागे चोर

तीसरी वारदात गांव के राधेश्याम यादव पुत्र पूरन यादव के घर हुई। राधेश्याम के अनुसार, खाना खाने के बाद उनकी बेटी ज्योति हमेशा की तरह टीनशेड के ओसारे में सो रही थी। भोर में लगभग 3 बजे चोरों ने मच्छरदानी फाड़कर युवती के गले से सोने का लॉकेट काट लिया। आभास होने पर युवती ने शोर मचाया, जिस पर परिजनों ने जागकर चोरों का कुछ दूर तक पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और अकेले होने के डर से उन्हें वापस लौटना पड़ा।

पुलिस का बयान: लोटन कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को चिह्नित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।