मुंबई से 3 बच्चों के साथ गांव लौट रही महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, फोन बंद होने से परिजन आशंकित

Kapilvastupost

बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर): त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली पड़री गांव की एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों के साथ मुंबई से घर लौटते समय रास्ते से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। गोंडा पहुंचने के बाद परिजनों से आखिरी बातचीत हुई, जिसके बाद से ही सभी का मोबाइल बंद आ रहा है। परिजनों की काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई है।

कुर्ला से ट्रेन पकड़कर गोंडा के लिए हुई थीं रवाना अहिरौली पड़री निवासी सुजीत कुमार गौतम ने बताया कि उनकी चाची पूनम (36) अपनी दो बेटियों आरोही (16), दिव्यांशी (2) और बेटे राजन (4) के साथ 19 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे मुंबई के कुर्ला स्टेशन से ट्रेन से गोंडा के लिए रवाना हुई थीं।

गोंडा पहुंचकर पति से हुई बात, फिर बंद हो गया फोन 20 अगस्त की सुबह करीब 8:27 बजे पूनम ने मुंबई में रह रहे अपने पति तुलसीराम को फोन कर बताया था कि वह गोंडा के आसपास पहुंच चुकी हैं और जल्द ही घर पहुंच जाएंगी। हालांकि, इस बातचीत के थोड़ी देर बाद ही पूनम का मोबाइल फोन बंद हो गया।

रिश्तेदारियों में खोजबीन बेनतीजा, अनहोनी की आशंका लंबा वक्त बीत जाने के बाद भी जब पूनम और तीनों बच्चे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने गोंडा स्टेशन, रिश्तेदारियों और अन्य संभावित ठिकानों पर काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा। किसी अनहोनी से आशंकित परिजन अब पुलिस और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।