📅 Published on: August 23, 2026
Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर): थाना क्षेत्र के कूड़ी गांव में शुक्रवार की शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका का शव घर के भीतर दुपट्टे के सहारे टिनशेड की कुंडी से लटका मिला। घटना के बाद से ही परिवार में चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो दिन पहले ही मुंबई से गांव लौटा था दंपत्ति जानकारी के मुताबिक, कूड़ी गांव निवासी सुमेंद्र (25) पुत्र महेश का विवाह 13 मई 2025 को भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़रिया गांव की निवासी तारामती (24) के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही सुमेंद्र अपनी पत्नी को साथ लेकर मुंबई चला गया था। बीते बुधवार को ही दोनों मुंबई से वापस अपने गांव कूड़ी लौटे थे।
घर में अकेली थी मृतका, दवा लेकर लौटे पति ने देखा दृश्य शुक्रवार को पति सुमेंद्र अपने पिता महेश के साथ डुमरियागंज दवा लेने गया हुआ था, जबकि घर के अन्य सदस्य गांव में चल रहे एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर तारामती अकेली थी। शाम करीब छह बजे जब सुमेंद्र और उसके पिता घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो आसपास के ग्रामीणों को बुलाया गया। खिड़की तोड़कर देखा गया तो अंदर तारामती का शव फंदे से लटक रहा था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, जांच जारी घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर नायब तहसीलदार राघवेंद्र पाण्डेय और पुलिस टीम ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रात करीब 11 बजे शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।