📅 Published on: August 23, 2026
Kapilvastupost
बस्ती बरगदवा गांव का मामला सिद्धार्थनगर जिले के भनवापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्ती बरगदवा में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी मोहम्मद आरिफ ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि वर्तमान ग्राम प्रधान इंतजार अहमद ने नहर और सड़क की सरकारी भूमि पर कब्जा करके निजी उपयोग के लिए पांच कमरों का पक्का मकान बनवा लिया है। इसके अलावा, ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पंचायत भवन और सरकारी राशन की दुकान का निर्माण भी इसी जमीन पर करा दिया गया है।
मौके पर पहुंची पीडब्ल्यूडी टीम शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम गांव में जांच के लिए पहुंची। अवर अभियंता (JE) राजेंद्र कुमार और अरुण कुमार ने विभागीय टीम के साथ स्थलीय स्थिति और निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान शिकायतकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने निष्पक्ष पैमाइश कराने और सरकारी जमीन को तत्काल कब्जामुक्त कराने की मांग उठाई।
रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता राजेंद्र कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों से मिले निर्देशों के क्रम में स्थलीय निरीक्षण किया गया है। मौके की स्थिति और पैमाइश से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली गई है, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जा रहा है। अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।