📅 Published on: August 27, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर जिले के पथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसई कला गांव में बुधवार सुबह सरयू नहर में डूबने से एक 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अंश कसौधन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंश टेडिया चौराहे के पास नहर किनारे गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर के गहरे पानी में जा गिरा। साथ मौजूद बच्चे ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। हालांकि, ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने और उसे पानी से बाहर निकालने तक अंश की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
वहीं राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शासन की ओर से मिलने वाली सहायता राशि की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का भरोसा दिलाया।
इस दुखद हादसे के बाद अंश के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पूरे सिसई कला गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।